वेब पत्रिका सृजन गाथा डॉट काम एवं प्रमोद वर्मा स्मृति संस्थान के द्वारा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब में आयोजित एक गरिमामय व्याख्यान एवं सम्मान समारोह में आज हिन्दी ब्लॉग लेखन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदेश के ब्लॉगर संजीत त्रिपाठी सहित साहित्यकार व पत्रकारों का सम्मान किया गया।
सृजन गाथा डॉटकाम का यह चौथा आयोजन था। व्याख्यान में कविता क्या, कविता क्यों विषय पर प्रमुख व्याख्यान देते हुए इलाहाबाद से आए कवि, लेखक एवं समीक्षक प्रकाश मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि यश व धन कविता के शत्रु नहीं है पर कविता को मनुष्यता पर आधारित होना चाहिए कविता को कुरूपता से बचना चाहिए व उसे सहज भी होना चाहिए कविता की शुरूआत से आज तक कई परिवर्तन आए है। छंद लय रस से लेकर गद्यात्मक कविता का दौर भी आया है। उन्होने कहा कि गद्यात्मक कविता के माध्यम से भी भाव की अभिव्यक्ति की जा सकती है केवल निरा छंद कौशल ही कविता नहीं है। जिसमें संवेदना,संस्कृति एवं जीवन में संसार का भाव हो वही कविता है।
व्याख्यान कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में गंगा प्रसाद बरसैया ने कहा कि कविता वेदों से शुरू होती है और मनुष्य जीवन में परिवर्तन के साथ चलती है। रस का संबंध मनुष्य की अनुभूति से है कविता में कड़ी शब्द साधना है। कविता धरती से दूर जाएगी तो वह समाप्त हो जाएगी। कविता सत्ता के भरोसे अधिक दिन तक जिंदा नही रह सकती है। जनता की बात हो वहीं कविता है, कविता लोगों की आंख खोलती है और आदमी को आदमी से जोड़ती है। आज कविता जमीन छोड़ दी है। धरती से दूर हो रही है। पाठक का संकट नही, कविता से आचरण का संबंध है। व्याख्यान पर अपनी टिप्पणी देते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व निर्वाचन आयुक्त सुशील त्रिवेदी ने कहा कि कविता लिखने का प्रयोजन आनंद है। वरिष्ठ पत्रकार एवं छत्तीसगढ़ ग्रंथ अकादमी के संचालक रमेश नैय्यर ने कहा कि जब तक इंसान व इंसानियत जिंदा है तब तक कवि को कविता करते रहना चाहिए। कविता रस संगीत से मुक्त नही हो सकती है। वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक अमृत संदेश के प्रधान संपादक गोविंद लाल वोरा ने कहा कि कविता जोश पैदा करती है। मन से निकला भाव कविता है। जनसत्ता के संपादक अनिल विभाकर ने कहा कि कविता के लिए सर्वप्रथम पाठक होना जरूरी है। कविता का संबंध जीवन मूल्य से है और उसमें कमी आने के कारण पाठकों का संकट उत्पन्न हो गया है।
कार्यक्रम के आरंभ में संस्था के संस्थापक वेब एवं इंटरनेट विशेषज्ञ तथा सृजनगाथा डॉट काम वेब पत्रिका के प्रधानसंपादक जयप्रकाश मानस ने अतिथियों का स्वागत किया। लघु कथा लेखक राम पटवा ने स्वागत भाषण में सृजनगाथा डॉट काम के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र सम्मान समारोह में सनत चतुर्वेदी पत्रकारिता क्षेत्र में , अशोक शर्मा वेब तकनीक के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किए गए। रेडियों रंगीला के संपादक संदीप अखिल, फोटों पत्रकारिता के लिए नरेंद्र बंगाले, लघु पत्रिका क्षेत्र में दीपांशु पाल, इलेक्ट्रानिक मीडिया से संतोष जैन, कथालेखक कैलाश वनवासी, हिंदी ब्लॉग लेखन में योगदान के लिए संजीत त्रिपाठी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.सुधीर शर्मा ने किया व आभार प्रदर्शन वरिष्ठ पत्रकार आरएनएस के संपादक एचएस ठाकुर ने किया ।
